Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

हिरोडीह व जमुआ थाना क्षेत्र में डीटीओ ने चलाया विशेष वाहन जांच अभियान

ओवरलोडेड पांच वाहनों को किया गया जब्त

0 17

गिरिडीह। जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं अवैध ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने शनिवार की अहले सुबह हिरोडीह व जमुआ थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर पांच ओवरलोडेड वाहनों को जब्त किया। यह कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। अहले सुबह गश्ती एवं जांच के दौरान हिरोडीह थाना क्षेत्र में गुजर रहे वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान दो ऐसे वाहन पकड़े गए, जो निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे थे। इसी प्रकार जमुआ थाना क्षेत्र में भी जांच अभियान चलाते हुए तीन ओवरलोडेड वाहनों को चिन्हित कर जब्त किया गया। सभी वाहनों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

sawad sansar

मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण भी बनता है। इससे सड़कों की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और आम जनजीवन भी प्रभावित होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में ओवरलोडिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। कहा कि उपायुक्त के निर्देश पर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे नियमित रूप से वाहनों की जांच करें और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने वाहन चालकों एवं परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित मानकों का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.