हजारीबाग में पत्रकार के साथ मारपीट की घटना की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ने की निंदा
मंत्री इरफान अंसारी का आचरण को बताया दुर्भाग्यपूर्ण: राजकुमार राज

गिरिडीह। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने हजारीबाग में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के द्वारा पत्रकारों से किए गए आचरण को बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण कहा है। उन्होंने मंत्री के समर्थकों द्वारा पत्रकार की पिटाई मामले की निंदा करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और पत्रकारों के सवाल के जवाब के बदले उन पर हमला करना लोकतंत्र की हत्या है।
श्री राज ने कहा कि हजारीबाग के पत्रकारों के साथ मंत्री की उपस्थिति में उनके उपद्रवी समर्थकों के द्वारा किया गया हमला न सिर्फ लोकतंत्र को कलंकित किया है बल्कि हेमंत सोरेन की सरकार में ऐसे नित्य प्रतिदिन तांडव को बल दिया है। श्री राज ने झारखंड के गृह सचिव पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक हजारीबाग से तत्काल ऐसे उपद्रवीयो के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। श्री राज ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि हेमंत सोरेन की सरकार में ऐसी घटनाएं आम हो गई है जहां जवाब देही से बचने के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। वही मंत्री ही कानून और लोकतंत्र के मर्यादाओं का उल्लंघन कर रहे हैं। कहा कि अगर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी पत्रकारों के समर्थन में आंदोलन करेगी।
