विश्व सिकल सेल दिवस पर सिकल सेल जागरूकता पखवाड़ा की हुई शुरूआत
सिकल सेल एनीमिया एक गंभीर आनुवांशिक रक्त विकार: सीएस


गिरिडीह। विश्व सिकल सेल दिवस के मौके पर शुक्रवार को सदर अस्पताल में सिकल सेल जागरूकता पखवाड़ा का विधिवत् शुरूआत किया गया। मौके पर सिविल सर्जन एसपी मिश्रा ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समुदाय प्रतिनिधि उपस्थिति थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन ने बताया कि सिकल सेल एनीमिया एक गंभीर आनुवांशिक रक्त विकार है, जो माता-पिता से बच्चों में स्थानांतरित होता है। इस रोग में लाल रक्त कोशिकाएं विकृत होकर हंसिया के आकार की हो जाती हैं, जिससे शरीर में रक्त प्रवाह बाधित होता है, अंगों को नुकसान पहुंचता है और रोगी को गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं झेलनी पड़ती हैं। यह एक आजीवन स्थिति है, जो व्यक्ति की जीवन प्रत्याशा को भी प्रभावित कर सकती है। कहा कि झारखंड में जुलाई 2023 से राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन की शुरूआत की गई है। जिसका लक्ष्य वर्ष 2047 तक 0 से 40 वर्ष आयु वर्ग के सभी व्यक्तियों की सिकल सेल जांच कर उन्हें आवश्यक सलाह एवं उपचार प्रदान करना है। राज्य सरकार इस दिशा में निःशुल्क स्क्रीनिंग, परामर्श, उपचार एवं दवा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस दौरान सीएस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या आशा कार्यकर्ताओं से संपर्क कर निःशुल्क जांच एवं जानकारी प्राप्त कर सकते है। कहा कि यह न केवल एक स्वास्थ्य विषय है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

Comments are closed.