महादेव तालाब के पास देशी पिस्तौल लहरा रहे युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पुलिस को देखते ही भागने लगा था युवक, झगरी का रहने वाला है युवक मो रमजान अंसारी

गिरिडीह। नगर थाना क्षेत्र के महादेव तालाब रोड में एक युवक को अवैध हथियार के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम 22 वर्षीय मो. रमजान अंसारी है और वह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के झगरी गांव का रहने वाला है और उसके पिता का नाम स्वर्गीय मो. इस्लाम अंसारी है।
तलाशी के दौरान युवक के पास से एक देशी पिस्तौल बरामद हुआ। पिस्तौल में 315 बोर का एक जिंदा कारतूस भी लोड पाया गया। बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महादेव तालाब के समीप लाल रंग के टी-शर्ट पहने एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर लोगों के बीच लहरा रहा है। सूचना मिलते ही गश्ती दल में शामिल एसआई प्रमोद कुमार के साथ सशस्त्र बल के हवलदार महेश कुमार यादव और जवान नसीरूद्दीन अंसारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान महादेव तालाब के पास मौजूद उक्त संदिग्ध युवक पुलिस वाहन को देखते ही भागने लगा। इस दौरान पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया।


मामले को लेकर नगर थाना में कांड संख्या 57/26, दिनांक 12 मार्च 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-ब)ए और 26 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
