बिरयानी खाने के बाद पति पत्नी और बच्चा हुए बीमार
झारखंड फास्ट फूड से लेकर गए थे बिरयानी, खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

गिरिडीह। गोलगप्पा कांड के बाद अब बिरयानी खाने से एक ही परिवार के तीन लोगों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झरियागादी में पति पत्नी और बच्चा बिरयानी खाने से बीमार हो गए। साल के मासूम समेत तीनों को गंभीर उल्टियों और पेट दर्द के बाद गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जहां तीनों का इलाज चल रहा है।
अस्पताल में इलाजरत मो. आजम ने बताया कि वे रविवार की देर शाम अपनी दुकान बंद कर घर लौटते समय स्वर्ण सिनेमा के बगल स्थित झारखंड फास्ट फूड दुकान से बिरयानी का पार्सल लेकर घर लाए। आजम, उनकी पत्नी फातिमा खातून और दो वर्षीय बेटे मो. साहिल रजा ने एक साथ बिरयानी खाई। कुछ ही समय बाद तीनों की तबियत खराब हो गई और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं। घर के अन्य सदस्यों ने तत्काल इलाज के लिए तीनों को निजी अस्पताल ले गए, जहाँ उनका उपचार जारी है।



मो. आजम ने बताया कि घर में कुल नौ सदस्य हैं, लेकिन केवल वही तीन लोगों ने बिरयानी खाई और केवल उन्हीं की तबियत बिगड़ी। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है।
इधर चिकित्सकों ने भी लोगों से बरसात के मौसम को देखते हुए बाहर खाने से परहेज करने की हिदायत दी है। फिलहाल तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

