बजटो फूड पॉइजनिंग कांड के मामले की जांच करने पहुंची एसआईटी की टीम जनप्रतिनिधियों समेत पीड़ित परिवार के सदस्यों से की पूछताछ

गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बजटो गांव में बीते दिनों जहरीला गोलगप्पा खाने से 6 वर्षीय बच्चे की हुई मौत व 50 लोगों के बीमार पड़ने के मामले में जहां पुलिस ने गुपचुप विक्रेता ओभी लाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वंही शुक्रवार को एसआईटी की टीम बजटो गांव पहुंचकर मामले की जांच की।
विदित हो कि बीते रविवार को बजटो गांव में जहरीले गुपचुप-चाट खाने के बाद 6 साल के मासूम की मौत हो गई थी। वहीं करीब 50 लोग उल्टी-दस्त से बीमार हुए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गुपचुप विक्रेता ओभी लाल रजक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हालांकि मामले की अलग अलग एंगल से जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, बीडीओ गणेश रजक, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, फूड इंस्पेक्टर डॉ. राजा कुमार, केस के अनुसंधानकर्ता विवेक माथुर समेत कई अधिकारी बजटो पहुंचे।


इस दौरान टीम ने मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, पीड़ित परिवार और अन्य ग्रामीणों से पूछताछ की। अधिकारियों ने जाना कि गुपचुप कब-कहां खाया गया और कितनी देर बाद तबीयत बिगड़ी थी। फूड इंस्पेक्टर ने फूड सैंपल की लैब रिपोर्ट और अस्पताल के इलाज से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से बाहर का खुला खाद्य पदार्थ न खाने की अपील की है।
