देवरी में स्वर्ण व्यवसायी से हथियार के बल पर 3.60 लाख की लूट
फायरिंग के बाद स्कूटी की डिक्की से जेवर-नकदी से भरा बैग ले भागे अपराधी, एक अपाची बाइक मौके पर छूटी

देवरी (गिरिडीह)। देवरी थाना क्षेत्र के पुरनाबथान (घासीडीह) में रविवार की देर शाम बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर स्वर्ण व्यवसायी श्यामसुंदर स्वर्णकार से करीब 3.60 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। घटना रात करीब 7:45 बजे की बतायी जा रही है। लूट के दौरान अपराधियों ने फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गयी।
मिली जानकारी के अनुसार जमडीहा निवासी श्यामसुंदर स्वर्णकार चतरो स्थित अपनी दुकान स्वर्ण शांति ज्वेलर्स बंद कर स्कूटी से पुरनाबथान स्थित अपने घर लौट रहे थे। बजरंग मोड़ के समीप घर की ओर मुड़ते ही बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें हथियार दिखाकर रोक लिया।


बताया जाता है कि इस दौरान व्यवसायी और अपराधियों के बीच छीना-झपटी भी हुई। इसी क्रम में एक अपराधी ने फायरिंग कर दी। गोली चलने के बाद व्यवसायी पीछे हट गये। इसका फायदा उठाकर अपराधियों ने स्कूटी की डिक्की में रखा बैग निकाल लिया और मौके से फरार हो गये।
व्यवसायी के अनुसार बैग में सोने-चांदी के आभूषण, नकद रुपये और दुकान की चाबी थी। उन्होंने लूटे गये सामान की कुल कीमत करीब 3.60 लाख रुपये बतायी है।
अपराधी भागने के दौरान अपनी एक अपाची बाइक घटनास्थल पर ही छोड़ गये। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौके से मिले इस सुराग के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही गावां अंचल के इंस्पेक्टर रोहित कुमार तथा देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गयी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

