देर रात जमुआ के दुम्मा गांव में एक घर में कुछ लोगों ने किया हमला, परिवार के चार लोग गंभीर
पीड़ित परिवार ने डीसी-एसपी से लगाई न्याय की गुहार, मिर्जागंज के रहने वाले कुछ लोगों पर लगाया आरोप

गिरिडीह। जमुआ थाना क्षेत्र के दुम्मा गांव में गुरुवार देर रात कुछ लोगों द्वारा किए गए हमले में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाबत पीड़ित परिवार से सत्येंद्र साव ने जमुआ थाना में दिए आवेदन में कहा है कि गुरुवार रात करीब 11 बजे जब उनके परिवार के सभी लोग घर में सो रहे थे, तभी मिर्जागंज निवासी विजय साव, किशोरी साव, गौरी साव, बजरंगी साव समेत 25 लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और हमला कर दिया। इस हमले में मुकेश साव समेत परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया कि बीते 30 जून को भी उक्त लोगों के द्वारा उनके परिवार पर हमला किया गया था, जिसकी शिकायत जमुआ थाना में की गई थी। उनका आरोप है कि पहली घटना के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपियों ने दोबारा हमला किया।


पीड़ित परिवार ने मामले को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार को भी लिखित आवेदन देकर घटना की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में उनके साथ ओर भी गंभीर घटना हो सकती है।

