Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

डुमरी में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, अतिक्रमण हटाने और नो-इंट्री व्यवस्था लागू

हालिया सड़क दुर्घटना के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सड़क किनारे से हटाई गईं अस्थायी दुकानें

0 33

गिरिडीह जिले के डुमरी अनुमंडल में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने और भारी वाहनों के संचालन पर नियंत्रण के लिए व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर डुमरी अनुमंडल प्रशासन ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता की अध्यक्षता में अनुमंडल सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधि, व्यवसायी और स्थानीय गणमान्य लोग शामिल हुए।

sawad sansar

बैठक के दौरान 8 मई को हुई सड़क दुर्घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रशासन ने डुमरी क्षेत्र में नो-इंट्री व्यवस्था को सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया, ताकि भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

इसके अलावा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने का भी फैसला लिया गया। निर्णय के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डुमरी के वनांचल चौक से सड़क किनारे लगी सब्जी दुकानों एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमण को हटाया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुचारू नजर आई।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की। वहीं बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और व्यवसायियों ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.