Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

जेवर दुकान में डकैती की साजिश नाकाम, देशी कट्टा के साथ तीन बदमाश गिरफ्तार

0 71

गिरिडीह जिले की पचंबा थाना पुलिस ने जेवर दुकान में डकैती की योजना बना रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा भी बरामद किया है।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान पचंबा थाना क्षेत्र के बुढ़वातालाब रोड निवासी अजय साव, मानिकलालो निवासी सुनील दास और अकदोनी निवासी छोटू दास के रूप में हुई है। मामले की जानकारी डीएसपी कौशर अली ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।

sawad sansar

डीएसपी ने बताया कि पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बुढ़वाआहार के पास कुछ अपराधी डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पूर्व में भरकट्टा में एक जेवर दुकानदार से करीब तीन लाख रुपये के जेवर की लूट की थी। साथ ही अन्य कई आपराधिक घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, इस बार आरोपी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदडीहा स्थित एक जेवर दुकान में डकैती की योजना बना रहे थे और इसके लिए पहले से रेकी भी कर चुके थे। हालांकि पुलिस की तत्परता से उनकी साजिश नाकाम हो गई।

मौके पर डीएसपी मंटू कुमार और पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.