जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंड कार्यालयों में मनाया गया संविधान दिवस
उपायुक्त ने अधिकारियों व कर्मियों को दिलाई शपथ, कहा संविधान देश के हरेक नागरिक को देता है समान अधिकार

गिरिडीह। संविधान दिवस के मौके पर बुधवार को जिला मुख्यालय समेत सभी अनुमंडल/प्रखंड/अंचल व अन्य कार्यालयों में संविधान दिवस की शपथ दिलाई गई। इस क्रम में समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई। इस दौरान उपायुक्त ने संविधान के प्रस्तावना को पढ़कर शपथ लेने के साथ सभी अधिकारियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि हम भारत के लोग, भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए तथा उसके समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक राजनैतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त कराने के साथ ही उन सब में व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्प होकर अपने इस संविधान सभा में 26 नवंबर 1949 ई को एतद् द्वारा इस संविधान को अंगीकृत अधिनियमित और आत्मार्पित करते हैं।



मौके पर उपायुक्त श्री यादव ने संविधान के निर्माण और उसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का दिन हमें संविधान के महत्व को याद दिलाने और उसके प्रति निष्ठा को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने याद दिलाया कि संविधान स्वतंत्रता के बाद देश को एकजुट रखने और नागरिकों को अधिकार व कर्तव्य प्रदान करने के लिए बनाया गया था। कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात देश का संविधान बनाने के लिए एक संविधान सभा का गठन किया गया। जिसके अध्यक्ष डॉ राजेंद्र प्रसाद को बनाया गया था तथा संविधान सभा द्वारा संविधान का प्रारूप तैयार करने के लिए डॉ भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता में प्रारूप समिति का गठन किया गया था। संविधान सभा के 2 साल 11 महीने और 18 दिनों की कड़ी मेहनत के उपरांत भारतीय संविधान को तैयार किया गया। कहा कि हमारा संविधान सही मायने में हमारे देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है।
