चोपन-मधुपुर एक्सप्रेस से गिरिडीह को बड़ी रेल सौगात धनवार, जमुआ और न्यू गिरिडीह समेत कई स्टेशनों पर होगा ठहराव, पलामू से देवघर तक सीधा रेल संपर्क

गिरिडीह।रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में गिरिडीह जिले के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रेलवे बोर्ड ने चोपन और मधुपुर के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी है। गाड़ी संख्या 13341/13342 चोपन–मधुपुर–चोपन एक्सप्रेस के परिचालन से गिरिडीह समेत झारखंड के कई जिलों के यात्रियों को नई रेल सुविधा मिलने जा रही है। रेलवे बोर्ड की ओर से ट्रेन के समय और ठहराव से संबंधित जानकारी भी जारी कर दी गई है।
गिरिडीह के कई स्टेशनों को मिलेगा सीधा लाभ


इस नई ट्रेन की सबसे खास बात यह है कि इसका ठहराव गिरिडीह जिले के धनवार, जमुआ और न्यू गिरिडीह में प्रस्तावित है। इसके अलावा महेशपुर स्टेशन पर भी ट्रेन का वाणिज्यिक ठहराव होगा। इससे जिले के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों के यात्रियों को चोपन, गढ़वा, डालटनगंज, लातेहार, टोरी, बरकाकाना, कोडरमा और मधुपुर की ओर आने-जाने के लिए एक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा।
पलामू से देवघर तक बनेगा सीधा रेल संपर्क
नई ट्रेन का रूट कई महत्वपूर्ण इलाकों को आपस में जोड़ता है। चोपन से चलकर ट्रेन झारखंड के पलामू क्षेत्र से होते हुए कोडरमा और गिरिडीह के रास्ते मधुपुर पहुंचेगी। इससे पलामू क्षेत्र और देवघर क्षेत्र के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा। मधुपुर से यात्रियों को आगे देवघर सहित दूसरे प्रमुख स्थानों के लिए भी कनेक्टिविटी मिल सकती है।
सप्ताह में तीन दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार 13341 चोपन–मधुपुर एक्सप्रेस चोपन से प्रत्येक रविवार, सोमवार और बुधवार को सुबह 10:40 बजे रवाना होकर रात 11:30 बजे मधुपुर पहुंचेगी।
वापसी में 13342 मधुपुर–चोपन एक्सप्रेस मधुपुर से सोमवार, मंगलवार और गुरुवार को सुबह 4 बजे रवाना होकर शाम 5 बजे चोपन पहुंचेगी।
20 एलएचबी कोच की होगी ट्रेन
नई एक्सप्रेस ट्रेन में कुल 20 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। खासकर उन यात्रियों के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिन्हें अभी विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेन बदलकर यात्रा करनी पड़ती है।
रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम
गिरिडीह पहले से मधुपुर के साथ रेल मार्ग से जुड़ा हुआ है और जिले के लिए मधुपुर एक महत्वपूर्ण रेल जंक्शन है। ऐसे में चोपन–मधुपुर एक्सप्रेस का परिचालन जिले को पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी झारखंड के कई क्षेत्रों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
नई ट्रेन के शुरू होने से न्यू गिरिडीह, जमुआ और धनवार क्षेत्र के यात्रियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से बेहतर रेल कनेक्टिविटी की जरूरत महसूस कर रहे यात्रियों के लिए यह सुविधा एक अतिरिक्त विकल्प के रूप में सामने आएगी।
हालांकि ट्रेन के नियमित वाणिज्यिक परिचालन की वास्तविक शुरुआत की तारीख की घोषणा पूर्व मध्य रेलवे की ओर से किया जाना अभी बाकी है।

