Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

इंजेक्शन लगाने क़े बाद युवक की हुई थी मौत के बाद से फरार चल रहे फर्जी चिकित्सक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

फिजियोथेरेपी क्लीनिक क़े नाम पर चलाता था नर्सिंग होम, घटना के बाद से 64 दिनों से था फरार

0 9

गिरिडीह। नगर थाना क्षेत्र के झिंझरी मोहल्ला में फिजियोथेरेपी क्लीनिक के नाम पर कथित रूप से नर्सिंग होम संचालित करने वाले डॉ. एनके सिन्हा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक मरीज को इंजेक्शन लगाने के बाद उसकी मौत हो जाने की घटना के बाद से आरोपी चिकित्सक करीब 64 दिनों से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस ने गुरुवार को उसे देवघर स्थित किराए के मकान से गिरफ्तार किया।

मामले को लेकर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। घटना के बाद चिकित्सक के संभावित ठिकानों पर कई बार छापेमारी भी की गई थी। इसी दौरान पुलिस को उसके देवघर में छिपे होने की सूचना मिली। सूचना के सत्यापन के बाद नगर थाना पुलिस की टीम देवघर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

sawad sansar

*इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी थी मरीज की तबीयत*

बताया जाता है कि पचंबा थाना क्षेत्र के 28 नंबर इलाके के निवासी राजकुमार पासवान कंधे में दर्द की शिकायत लेकर डॉ. एनके सिन्हा के फिजियोथेरेपी क्लीनिक पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, उन्हें रातभर क्लीनिक में रखा गया। अगले दिन सुबह चिकित्सक द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।

मौत की घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने क्लीनिक में जमकर हंगामा किया था। इसके बाद से ही डॉ. एनके सिन्हा अपने परिवार के साथ फरार बताए जा रहे थे।

*मंत्री के निर्देश के बाद तेज हुई थी कार्रवाई*

घटना के बाद मामले को राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने भी संज्ञान में लिया था और पुलिस को ठोस कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसके बाद नगर थाना पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फिजियोथेरेपी क्लीनिक के नाम पर किस प्रकार की चिकित्सा गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और मरीज की मौत के मामले में आरोपी की वास्तविक भूमिका क्या थी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.