अहिल्यापुर में दिनदहाड़े डकैती, महिला को बंधक बनाकर नकदी-जेवरात लूटे
दो बाइक से पहुंचे छह अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम, जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह : अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पंचनटांड गांव में बुधवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर डकैती की घटना को अंजाम दिया। दो बाइक से पहुंचे छह अपराधियों ने घर में मौजूद महिला को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और करीब 20 हजार रुपये नकद समेत सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दो अपराधी पहले घर के दरवाजे पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाकर महिला से कहा कि उनके पशु ने खेत में लगी फसल को नुकसान पहुंचाया है। महिला द्वारा दरवाजा खोलते ही पीछे मौजूद चार अन्य अपराधी भी घर में दाखिल हो गए।


इसके बाद अपराधियों ने महिला को अपने कब्जे में ले लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए घर में रखे सामान की तलाशी शुरू कर दी। पीड़िता रीता देवी के अनुसार, अपराधी करीब 20 हजार रुपये नकद और लगभग 20 ग्राम सोने के जेवरात लेकर फरार हुए। लूटे गए जेवरात में दो मंगलसूत्र और एक जोड़ी पायल शामिल हैं।
वारदात के बाद सभी छह अपराधी दो बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई डकैती की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद अहिल्यापुर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी एनुअल हक ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है।

