Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 11.2 किलो मिठाई नष्ट

बिरनी, सरिया और बगोदर में 25 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच; कई मिठाइयों में स्टार्च मिलने पर कार्रवाई, नमूने जांच के लिए भेजे गए

0 6

गिरिडीह : आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बिरनी, सरिया और बगोदर के विभिन्न इलाकों में मिठाई दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 25 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई और निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए 11.2 किलोग्राम खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया।

जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, खाद्य तेल की स्थिति, दुकानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की पड़ताल की गई। कुछ मिठाइयों में स्टार्च की मौजूदगी पाए जाने पर संबंधित सामग्री को नष्ट कराया गया, जबकि कुछ दुकानों से मिठाइयों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए गए।

sawad sansar

बिरनी में रसगुल्ला, लड्डू और खोवा पर कार्रवाई

बिरनी प्रखंड में प्रज्ञा स्वीट्स से पेड़ा का नमूना जांच के लिए लिया गया। इसी दुकान में दूषित पाए गए तीन किलोग्राम रसगुल्ला और एक किलोग्राम लड्डू को नष्ट कराया गया। वहीं, साहा स्वीट्स में स्टार्च की मौजूदगी पाए जाने पर दो किलोग्राम खोवा नष्ट कराया गया।

सरिया में कलाकंद, मिल्क केक और बर्फी की जांच

सरिया क्षेत्र में शंकर स्वीट्स से कलाकंद का नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा, एक किलोग्राम कलाकंद, 500 ग्राम मिल्क केक और 700 ग्राम बर्फी में स्टार्च पाए जाने पर संबंधित सामग्री को नष्ट कराया गया।

बगोदर में तीन किलो काजू बर्फी नष्ट

बगोदर क्षेत्र में 12 खाद्य प्रतिष्ठानों और फास्ट फूड स्टॉलों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान मधेशिया स्वीट्स में निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए तीन किलोग्राम काजू बर्फी को नष्ट कराया गया।

दुकानदारों को मानकों के पालन का निर्देश

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को पनीर, खोवा, मिल्क केक और अन्य खाद्य सामग्री केवल वैध खाद्य लाइसेंसधारी एवं अधिकृत आपूर्तिकर्ताओं से खरीदने का निर्देश दिया है। साथ ही, वैध लाइसेंस और पंजीकरण के बिना कारोबार नहीं करने, मिठाइयों को अखबार में लपेटकर नहीं बेचने तथा दुकानों में स्वच्छता बनाए रखने को कहा गया है।

होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराने, खाद्य कारोबार में लगे कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित करने और नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने का भी निर्देश दिया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी चलाया जाएगा।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.