Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, बकायेदारों की पांच दुकानें सील

लंबित किराया और री-एग्रीमेंट की राशि नहीं चुकाने पर कार्रवाई, नगर आयुक्त ने कहा- बकाया भुगतान नहीं करने पर आगे भी होगी कार्रवाई

0 9

गिरिडीह। नगर निगम क्षेत्र में लंबित राजस्व की वसूली को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा के निर्देश पर शुक्रवार को निगम की टीम ने दुकानों से लंबित किराया, बकाया राशि एवं री-एग्रीमेंट से संबंधित देय राशि की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान निर्धारित राशि का भुगतान नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल पांच दुकानों को सील कर दिया गया।

राजस्व वसूली को प्राथमिकता

sawad sansar

नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम की दुकानों से संबंधित लंबित किराया, बकाया राशि तथा री-एग्रीमेंट से जुड़ी देय राशि की वसूली को प्राथमिकता दी जा रही है। निगम प्रशासन की ओर से संबंधित दुकानदारों को बकाया राशि का भुगतान करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत राशि जमा करने की अपील की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बकाया राशि का समय पर भुगतान नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

होल्डिंग और वाटर टैक्स भी समय पर जमा करने की अपील

नगर आयुक्त ने नगर निगम क्षेत्र के सभी होल्डिंगधारियों से अपने भवन अथवा मकान का होल्डिंग टैक्स एवं वाटर टैक्स समय पर जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सेवाओं और विकास कार्यों के सुचारु संचालन के लिए निर्धारित करों एवं शुल्कों का समयबद्ध भुगतान आवश्यक है।

कलेक्टिंग एजेंसी को भी अभियान तेज करने का निर्देश

नगर निगम प्रशासन ने राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए कलेक्टिंग एजेंसी को भी विशेष अभियान चलाने तथा बकायेदारों से नियमानुसार शुल्क की वसूली करने का निर्देश दिया है। निगम की कार्रवाई से स्पष्ट है कि अब लंबित राजस्व की वसूली को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है।

नगर निगम ने सभी दुकानदारों और करदाताओं से अपने लंबित देनदारी का शीघ्र भुगतान कर निगम की राजस्व वसूली व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.