भीषण सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार की मौत
जमशेदपुर के मरीन ड्राइव में तड़के हुआ हादसा, खड़े ट्रेलर में जा घुसी कार

जमशेदपुर। झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी की सड़क हादसे में मौत हो गई है। गुरुवार तड़के जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव में हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत की सूचना है। मृतकों में मंत्री की बेटी भी शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मरीन ड्राइव पर सड़क किनारे एक ट्रेलर खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई।


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार को काटकर उसमें फंसे शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दीपिका पांडेय सिंह और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए शोक जताया है।

