स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर उपायुक्त का जोर
संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, रक्त केंद्र को सुचारू रखने और लंबित स्वास्थ्य योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश

गिरिडीह : समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान PM ABHIM, सदर अस्पताल के रक्त केंद्र, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं समेत स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई।
लंबित कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश


उपायुक्त ने PM ABHIM के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के साथ कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
संस्थागत प्रसव पर विशेष फोकस
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। सहिया कर्मियों के कार्यों की नियमित समीक्षा तथा संस्थागत प्रसव की मासिक प्रगति की निगरानी का निर्देश दिया गया।
लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई, बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहन
उपायुक्त ने कहा कि दायित्वों में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, जबकि बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित किया जाए। बैठक में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल कर्मियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।

