सुदिव्य कुमार के निधन पर झारखंड में दो दिवसीय राजकीय शोक, आज राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि

गिरिडीह। झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, खेलकूद एवं कला-संस्कृति, पर्यटन तथा युवा कार्य विभाग के मंत्री और गिरिडीह विधायक **सुदिव्य कुमार** का रविवार की सुबह गिरिडीह स्थित मर्सी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से गिरिडीह समेत पूरे झारखंड में शोक की लहर है।
राज्य सरकार ने मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर **6 एवं 7 सितंबर को दो दिवसीय राजकीय शोक** घोषित किया है। राजकीय शोक की अवधि में राज्य के उन सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां नियमित रूप से ध्वज फहराया जाता है। इस दौरान किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा।


राज्य सरकार ने **7 सितंबर को सभी सरकारी कार्यालयों को बंद रखने** का भी निर्णय लिया है। संबंधित विभागों एवं संस्थानों को इस संबंध में आवश्यक अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
आज 3:30 बजे होगी अंत्येष्टि
दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार की अंत्येष्टि **रविवार, 6 सितंबर को अपराह्न 3:30 बजे गिरिडीह के उसरी नदी–हरसिंहरायडीह श्मशान घाट** में की जाएगी। राज्य सरकार ने उनकी अंत्येष्टि **राजकीय सम्मान के साथ** संपन्न कराने का निर्णय लिया है।
अंत्येष्टि कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से संबंधित पदाधिकारियों एवं विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन द्वारा राजकीय सम्मान के अनुरूप सभी तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन से राजनीतिक, सामाजिक एवं विभिन्न क्षेत्रों में शोक की लहर है। जिला प्रशासन ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक-संतप्त परिजनों, शुभचिंतकों एवं समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
जिला प्रशासन ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

