शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर मेयर-डिप्टी ने आकांक्षा के सफाई कर्मियों के साथ की बैठक
त्योहारों से पहले शहर में बेहतर सफाई अभियान चलाने का दिया निर्देश, कर्मियों की समस्याओं से भी हुए अवगत

गिरिडीह। नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मेयर प्रमिला मेहरा और डिप्टी मेयर सुमित कुमार ने आकांक्षा संस्था के सफाई कर्मियों एवं वाहन चालकों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान मेयर और डिप्टी मेयर सफाई कर्मियों से वार्ता करते हुए उनकी संख्या, मानदेय, सुरक्षा व्यवस्था समेत उनकी अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान जोर दिया गया कि सफाई कर्मियों की जो भी कमी है, उसे दूर किया जाए, ताकि नगर निगम के सभी वार्डों में आगामी त्योहारों को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया जा सकें।



मौके पर मेयर प्रमिला मेहरा ने कहा कि शहर की साफ-सफाई नगर निगम की प्राथमिकता है और किसी भी वार्ड में सफाई व्यवस्था को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बताया कि सफाई व्यवस्था से जुड़े आकांक्षा कर्मियों के लिए ड्रेस कोड लागू करने की बात हुई है, ताकि सफाई कर्मियों की पहचान स्पष्ट रहे और कार्य व्यवस्था में अनुशासन बना रहे।
इस दौरान मेयर प्रमिला मेहरा और डिप्टी मेयर सुमित कुमार ने स्पष्ट कहा कि उनका उद्देश्य सभी वार्डों में समान रूप से विकास और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ताकि हमारा शहर एक स्वच्छ और विकसीत शहर बन सकें। कहा कि जनता के साथ-साथ निगम के कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं पर भी ध्यान दिया जायेगा।

