गिरिडीह पुलिस ने लौटाए करीब 10खोए मोबाइल, ‘आपका मोबाइल फिर से आपका’ कार्यक्रम आयोजित

गिरिडीह,पुलिस केंद्र गिरिडीह के मल्टीपरपज़ हॉल में शनिवार को “आपका मोबाइल फिर से आपका” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता के खोए हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपना था।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद किए गए करीब 101 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने गिरिडीह पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि गिरिडीह पुलिस हमेशा आम जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। उन्होंने बताया कि “आपका मोबाइल फिर से आपका” अभियान पुलिस के सबसे सफल जनहित कार्यक्रमों में से एक है। जब किसी व्यक्ति को उसका खोया हुआ मोबाइल वापस मिलता है, तो उसे अपार खुशी और संतोष का अनुभव होता है। यही लोगों का विश्वास पुलिस के प्रति और अधिक मजबूत करता है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने या साइबर अपराध से संबंधित किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस तरह के जनहित कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।

