महिला उद्यमिता को मिला नया संबल, ‘LOOK AT THATT – Edition 16’ में शामिल हुईं कल्पना मुर्मू सोरेन
राजधानी रांची में आयोजित ‘LOOK AT THATT - Edition 16, Rakhi Edit’ प्रदर्शनी में झारखंड की लोकप्रिय जनप्रतिनिधि कल्पना मुर्मू सोरेन ने सहभागिता कर महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और महिला उद्यमियों, कलाकारों तथा हस्तशिल्प से जुड़े प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की

रांची। राजधानी रांची में आयोजित ‘LOOK AT THATT – Edition 16, Rakhi Edit’ प्रदर्शनी में झारखंड की लोकप्रिय जनप्रतिनिधि कल्पना मुर्मू सोरेन ने सहभागिता कर महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और महिला उद्यमियों, कलाकारों तथा हस्तशिल्प से जुड़े प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि झारखंड की महिलाओं की रचनात्मकता, प्रतिभा और उद्यमशीलता ही राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय व्यवसायों को बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।


उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऐसे प्लेटफॉर्म उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देते हैं और स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराकर राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करते हैं।
प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में महिला उद्यमियों, हस्तशिल्प कलाकारों और स्थानीय ब्रांड्स ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। रक्षाबंधन को ध्यान में रखकर आयोजित इस विशेष संस्करण में आगंतुकों की भी अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने स्थानीय उत्पादों की खरीदारी के साथ महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के समापन पर कल्पना मुर्मू सोरेन ने सभी एक्ज़ीबिटर्स, आगंतुकों और आयोजन टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और स्थानीय उद्यम को बढ़ावा देने वाले ऐसे आयोजनों का सिलसिला निरंतर जारी रहना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के प्रयास झारखंड की महिलाओं को नए अवसर प्रदान करेंगे और राज्य के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

