पूरनानगर में बिती रात एक सनकी ने सब्जी दुकान में लगाई आग, पास खड़ी कार जलकर हुई राख
सीसीटीवी में कैद हुई घटना, ग्रामीणों ने आरोपी बाजो पंडित को पोल से बांधा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

गिरिडीह। सदर प्रखंड के पूरनानगर में बिती रात करीब 1ः30 बजे एक सनकी शख्स ने एक गरीब की सब्जी की दुकान को आग के हवाले कर दिया। आग इतनी भयानक थी कि उसने देखते ही देखते पास में खड़ी अर्जुन पंडित की कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। पल भर में एक गरीब की रोजी-रोटी उजड़ गई और अर्जुन पंडित की लाखों की गाड़ी जलकर कबाड़ हो गई। सुबह जब गाड़ी मालिक अर्जुन पंडित ने अपने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया तब इस पूरी साजिश का खुलासा हुआ। सीसीटीवी में साफ देखा जा सकता है कि पूरनानगर गांव का ही रहने वाला बाजो पंडित रात के अंधेरे में इस आगजनी की वारदात को अंजाम दे रहा है।



सीसीटीवी फुटेज से आग लगाने वाले की पहचान होते ही ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। ग्रामीणों ने सुबह-सुबह आरोपी बाजो पंडित को पकड़कर बिजली के पोल से बांध दिया और पिटाई की।
स्थानीय लोगों की माने तो 40 वर्षीय आरोपी बाजो पंडित ने दो शादियां की हैं लेकिन कोई भी बीवी उसके साथ नहीं रहती है। हाल ही में उसकी मां भी उसे छोड़कर चली गई और वह घर में बिल्कुल अकेला रहता है। ग्रामीणों की माने तो वह मानसिक रूप से बीमार चल रहा है और पूर्व में भी मंदिर में चोरी सहित कई अन्य घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
इधर मामले की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बाजो पंडित को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लेते हुए कानूनी कार्रवाई मे ंजूट गई है।

