Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने क्षेत्र में शिक्षा, आधारभूत संरचना एवं आजीविका सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की रखी आधारशिला

55 करोड़ की लागत से बनने वाली बड़कीटांड़–गिरनिया मोड़ सड़क परियोजना का किया शिलान्यास ताराटांड़ उच्च विद्यालय के बच्चों से किया संवाद, बढ़ाया उत्साह।

0 71

गिरिडीह। गांडेय विधानसभा क्षेत्र में विकासोन्मुखी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को गति देने के उद्देश्य से सोमवार को गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास किया। मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार समेत कई विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

 

सोमवार को सबसे पहले विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने ताराटांड़ उच्च विद्यालय का निरीक्षण एवं भ्रमण से शुरुवात की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। वहीं झारखंड राज्य खो-खो संघ द्वारा आयोजित 19वीं जूनियर स्टेट लेवल गर्ल्स खो-खो चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

sawad sansar

इसके बाद उन्होंने पथ निर्माण विभाग द्वारा लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली बड़कीटांड़–गिरनिया मोड़ सड़क परियोजना का शिलान्यास किया। यह महत्वपूर्ण सड़क परियोजना क्षेत्रीय संपर्कता को सुदृढ़ करने, आवागमन को सुगम बनाने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में सहायक होगी। वहीं गांडेय प्रखंड स्थित जिला परिषद निरीक्षण भवन परिसर में गांडेय दस्तकार यूनिट (जूट हथकरघा एवं वस्त्र उत्पाद निर्माण इकाई) का शिलान्यास किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, महिला समूहों एवं युवाओं को कौशल आधारित रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इससे पारंपरिक हस्तशिल्प एवं वस्त्र निर्माण गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।

 

इस बीच गांडेय प्रखंड अंतर्गत महेशमुंडा स्कूल के समीप बिरसा हरित ग्राम योजना के लाभुकों एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान योजना के क्रियान्वयन, लाभुकों की प्रगति, आजीविका संवर्धन एवं सामुदायिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। लाभुकों एवं स्वयं सहायता समूहों को योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

 

इसी क्रम में उन्होंने बेंगाबाद प्रखंड के कर्णपुरा पंचायत निवासी खुर्शीद हादी द्वारा संचालित कृषि फार्म का भी भ्रमण एवं निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आधुनिक कृषि पद्धतियों, कृषि नवाचार तथा कृषि आधारित आय सृजन गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की गई। कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए कृषि को लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने पर बल दिया गया। साथ ही किसानों को उपलब्ध सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.