पीएम सूर्यघर योजना को लेकर डीडीसी ने की बैठक, कहा जिले के सभी सरकारी भवनों को सौर ऊर्जा से जोड़े

गिरिडीह। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने अपने कार्यालय में गुरुवार को जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने प्रखंडों के पंचायतों एवं गांवों में इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें तथा पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।



बैठक में उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी सरकारी भवनों को प्राथमिकता के आधार पर पीएम सूर्यघर योजना से आच्छादित किया जाए, ताकि सरकारी स्तर पर भी सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिल सके और आम जनता को इसके प्रति प्रेरित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह पहल ऊर्जा संरक्षण के साथ-साथ सरकारी व्यय में भी कमी लाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सोलर ऊर्जा के महत्व एवं इसके दीर्घकालिक लाभों के बारे में जानकारी दी जाए। इसके साथ ही लाभुकों के चयन में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए तथा योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कहा कि जिन पंचायतों एवं गांवों में इस योजना का उत्कृष्ट एवं प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा, उन्हें सरकार द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि संबंधित पंचायतों के समग्र विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण एवं अन्य जनहितकारी कार्यों में उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह प्रोत्साहन राशि पंचायतों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देगी और योजना के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित करेगी। कहा कि ग्रामीण इस योजना का लाभ उठाने के लिए स्वयं भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आमजनों को योजना के आधिकारिक पोर्टल www-pmsuryghar-gov.in के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रेरित करें तथा जरूरतमंद लोगों को आवेदन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें।
