उपायुक्त पीरटांड़ प्रखंड में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण विद्यालय परिसर का भ्रमण करने के साथ ही पठन-पाठन कार्य का लिया जायजा
छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से हुए अवगत, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव बुधवार को पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पहुंचे और विद्यालय उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, छात्रावास, कक्षाओं, रसोईघर, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा एवं छात्राओं की उपस्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर कक्षाओं में जाकर उपायुक्त ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहन-सहन, भोजन एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की और उन्हें नियमित अध्ययन एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी, रसोई पंजी, स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों की भी जांच की और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।


इस दौरान उन्होंने कहा कि विद्यालय में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें। निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं शिक्षक के साथ बैठक कर कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में विद्यालय की वर्तमान स्थिति, छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं बुनियादी ढांचे से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यालय में रहने वाली छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और समय-समय पर निरीक्षण कर आवश्यक सुधार किए जाएं। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी निर्देश दिया कि विद्यालय परिसर में स्वच्छता, पेयजल, बिजली, शौचालय, छात्रावास एवं सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए। साथ ही विद्यालय में पौष्टिक भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने, रसोईघर की साफ-सफाई बनाए रखने और छात्राओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने पर विशेष जोर दिया गया।
उपायुक्त श्री यादव ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। इसलिए विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि छात्राओं की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए नियमित कक्षाएं संचालित की जाएं, समय पर पाठ्यक्रम पूरा किया जाए और कमजोर छात्राओं को विशेष कक्षाएं देकर आगे बढ़ाया जाए। कहा कि विद्यालय में खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, ताकि छात्राओं का मानसिक एवं शारीरिक विकास बेहतर तरीके से हो सके।
