समाहरणालय परिसर में हुई पोस्ट ऑफिस की शुरूआत, उपायुक्त रामनिवास यादव ने किया उद्घाटन
कहा समाहरणालय में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को डाक सेवाओं का मिलेगा लाभ

गिरिडीह। समाहरणालय परिसर में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शुक्रवार को पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन किया गया। उपायुक्त रामनिवास यादव ने विधिवत् फीता काटकर नए डाकघर का शुभारंभ किया। मौके पर कई प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी तथा डाक विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। समाहरणालय में इस नई सुविधा के शुरू होने से अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को डाक सेवाओं का लाभ लेने में असानी होगी। उपायुक्त ने पोस्ट ऑफिस के विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और कर्मचारियों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



मौके पर उपायुक्त ने कहा कि डाकघर केवल पत्रों के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं है, बल्कि यह लोगों को विभिन्न प्रकार की वित्तीय और सरकारी सेवाएं भी उपलब्ध कराता है। आज के डिजिटल युग में भी डाक विभाग अपनी विश्वसनीयता और सेवाओं के कारण आम जनता के बीच एक मजबूत स्थान बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि समाहरणालय परिसर में पोस्ट ऑफिस खुलने से सरकारी कार्यों में भी सुविधा होगी तथा कर्मचारियों को अपने जरूरी डाक संबंधी कार्यों के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। बताया कि पोस्ट ऑफिस के माध्यम से स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, मनी ऑर्डर, बचत खाता, डाक जीवन बीमा, सुकन्या समृद्धि योजना सहित कई महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इससे न केवल कर्मचारियों को लाभ मिलेगा, बल्कि समाहरणालय आने वाले आम लोगों को भी एक ही स्थान पर कई सेवाएं प्राप्त हो सकेंगी। इस दौरान उन्होंने डाक विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस पोस्ट ऑफिस के माध्यम से लोगों को बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मौके पर डाक विभाग के अधिकारियों ने कहा कि डाक विभाग लगातार अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए नए-नए पोस्ट ऑफिस खोले जा रहे हैं। समाहरणालय में पोस्ट ऑफिस की स्थापना से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और लोगों को भी डाक सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
