राजद ने मेयर पद के प्रत्याशी गौरव कुमार को दिया समर्थन, पार्टी के जिलाध्यक्ष ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी
कहा कोरोना काल रहा हो या आम दिन जनता की सेवा में जूटे रहते है गौरव

गिरिडीह। आगामी 23 फरवरी को होने वाले नगर निगम चुनाव को लेकर चुनावी मैदान में खड़े प्रत्याशियों के बीच शनिवार को चुनाव चिन्ह वितरण होने के बाद से शहर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। महापौर के साथ साथ पार्षद पद से खड़े प्रत्याशी कैम्पेनिंग में जूट गए है। इसी क्रम में राजद ने महापौर प्रत्याशी गौरव कुमार को समर्थन देने की घोषणा करते हुए शहर के विकास के लिए लोगों से उनके पक्ष में मतदान करने की अपील की। शनिवार को कोलडीहा में प्रेसवार्ता कर राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश महासचिव शहबाज कादरी, जिलाध्यक्ष इरफान आलम ने मेयर प्रत्याशी गौरव कुमार को समर्थन देते हुए कहा कि गौरव कुमार एक राजनीतिक के साथ साथ सामाजिक व्यक्ति भी है। वे लगातार जनता के बीच उनकी समस्याओं में साथ खड़े रहे है। चाहे कोरोना काल हो या फिर सामान्य दिन हो लोगों की सेवा में हमेशा बने रहे है। जिसे देखते हुए आज राजद ने उन्हें समर्थन देने का निर्णय लिया है। पूरे चुनाव में राजद गौरव कुमार के लिए जनता के बीच जाकर मतदान की अपील करेगी।
इस दौरान मौके पर उपस्थित मेयर प्रत्याशी गौरव कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में नगर निगम क्षेत्र में कई समस्याएं व्याप्त है। जिससे शहर वासियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि निगम द्वारा वर्षो पूर्व आवंटित किए गए दुकानों को तोड़कर सैकड़ों लोगों के पेट पर लात मारा जा रहा है और ऐसे में उनके साथ खड़ा होने वाला कोई नही है। कहा कि गिरिडीह की जनता ने उन्हें समर्थन दिया तो वे नाली, गली, पानी सहित अन्य मूलभुत समस्याओं के साथ साथ पार्किंग, व्यवसायिक व्यवस्था सहित अन्य समस्याओं का भी समाधान करेंगे।
