जयंती पर झामुमो कार्यालय में धरती आबा बिरसा मुंडा को किया नमन
कहा धरती आबा बिरसा मुंडा सिर्फ झारखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के धरोहर

गिरिडीह। धरती आबा बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के मौके पर झामुमो कार्यालय पहुंचे नगर विकास मंत्री सह सदर विधायक सुदिव्य कुमार ने बिरसा मुंडा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए नमन किया। इस दौरान झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, जिला महासचिव हेमलाल सोरेन, पूर्व विधायक केदार हाजरा, कृष्ण मुरारी शर्मा, अजीत सिंह पप्पु, रॉकी सिंह, सुमित कुमार, टुन्ना सिंह सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी धरती आबा की तस्वीर पर माल्यार्पण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
मौके पर नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा सिर्फ झारखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश की धरोहर हैं। उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान ने आदिवासी समाज में नई चेतना जगाई। वे स्वतंत्रता, स्वाभिमान और अधिकारों की लड़ाई के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा के विचार आज भी समाज को मार्ग दिखाते हैं, खासकर युवाओं के लिए वे प्रेरणा के मजबूत स्तंभ हैं। “धरती आबा ने अपने हक और सम्मान के लिए जिस तरह लड़ाई लड़ी, वह हमें जनहित और समाज के विकास के लिए कार्य करने की शक्ति देता है। कहा कि राज्य सरकार बिरसा मुंडा के सपनों के अनुरूप आदिवासी समाज के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है।

