झारखंड पुलिस ने छात्रों के बीच चलाया जागरूकता अभियान
महेशलुंडी विद्यालय के छात्रों को दी गई नए कानून, सड़क एवं साइबर सुरक्षा की जानकारी

गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस ने छात्रों को जागरूक करने के उद्देश्य से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महेशलुंडी में संचालित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में शनिवार को नए दंड विधान और जन-सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों और शिक्षकों को देश में लागू नवीन आपराधिक कानून, साइबर अपराधों से बचाव तथा सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार तथा विवेक कुमार मथुरी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। वहीं कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया शिवनाथ साव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं सहित काफी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।



मौके पर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस-2023) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की बारीकियों से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि नए कानून आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा और न्याय प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी व त्वरित बनाने के उद्देश्य से लागू किए गए हैं। इसके अलावा साइबर ठगी से बचाव और यातायात नियमों का पालन करने को लेकर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय मुखिया शिवनाथ साव ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और स्कूली स्तर पर इस तरह के जागरूकता अभियानों का आयोजन बेहद सराहनीय कदम है। आज के डिजिटल दौर में बच्चों और युवाओं को नए कानूनों के साथ-साथ साइबर ठगी व यातायात नियमों के बारे में जानकारी होनी चाहिए।

