Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

झारखंडियों के हक और अधिकार के लिए निकली जेएलकेएम की खतियानी पदयात्रा पहुंची गिरिडीह

पांच जून को राजभवन के समक्ष करेंगे प्रदर्शन, टाइगर जय राम महतो होंगे शामिल

10

गिरिडीह। झारखण्ड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के द्वारा झारखंड की उपराजधानी दुमका से 15 मई से शुरू हुई खतियानी पदयात्रा सोमवार को गिरिडीह पहुंची। इस दौरान पद यात्रा में शामिल पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष अमित मंडल सहित अन्य कार्यकर्ताओं का गिरिडीह में पार्टी के केंद्रीय सचिव नागेंद्र चंद्रवंशी के नेतृत्व में स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। साथ ही पदयात्रा में शामिल होकर गिरिडीह का भ्रमण किया।
मौके पर पार्टी के केन्द्रीय उपाध्यक्ष अमित मंडल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा झारखंड के लोगों को उनका हक और पहचान दिलाने के लिए की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य 1932 के खतियान को आधार मानते हुए झारखंड में स्थानीय नीति, नियोजन नीति और विस्थापन नीति लागू करना है । कहा कि झारखंडियों को सौ फिसदी रोजगार देने के लिए ग्रुप सी व ग्रुप डी की नौकरियों में झारखंडियों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इसके अलावा, जाति आधारित जनगणना और आदिवासी अधिकारों के लिए भी पार्टी ने आवाज उठाई।

इस दौरान जेएलकेएम के केन्द्रीय सचिव नागेन्द्र चन्द्रवंशी ने कहा कि आगामी पांच जून को रांची स्थित राजभवन के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम तय है। जिसमें पार्टी सूप्रीमो टाईगर जयराम महतो सरकार के खिलाफ हुंकार भरेंगे। कहा कि झारखण्ड में 1932 आधारित स्थानीय नीति, नियोजन नीति, विस्थापन नीति सहित लंबे समय से फंसे गैर मजरूआ जमीन को जमाबंदी का दर्जा देने, पेसा कानून लागू करवाने, राज्य से पलायन कर रहे मजदूरों को राज्य में रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित करवाने, शिक्षा एवं चिकित्सा विभाग के कार्यों में पारदर्शिता लाने और विस्थापित हुए राज्य वासियों को अविलंब मुआवजा दिलवाने की मांग को लेकर पदयात्रा का आयोजन किया गया है।

खतियानी पदयात्रा में केन्द्रीय महामंत्री सिकंदर आलम, अर्जुन पंडित, देवघर जिला सचिव रणधीर यादव, गोड्डा के जियाउल खान, राहुल कुमार, देवघर के मुकेश सिंह, जमुआ के छोटू यादव, पालजोरी के सुभाष मंडल, माथुर मंडल, संदीप मंडल, जियाउल हक, सुभाष यादव, अशोक यादव, गिरिडीह अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष छोटू राइन, संदीप मल्लाह, संदीप कुमार, संदीप मंडल समेत कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Comments are closed.