Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

6 सूत्री मांगों को लेकर निगम सफाई कर्मियों ने निकाली आक्रोश रैली,

मांगों को पूरा नही करने पर हड़ताल पर जाने की दी चेतावनी

15

गिरिडीह। 6 सूत्री मांगों को लेकर झारखंड लोकल बॉडीज फेडरेशन के बैनर तले नगर निगम के कार्यालय कर्मियों व सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को आक्रोश रैली निकाली। रैली में शामिल निगम कर्मियों ने शहर का भ्रमण करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कर्मियों ने राज्य सरकार और निकाय कर्मियों के बीच हुए एकरारनामे को जल्द कार्यान्वित करने की मांग उठाई। साथ ही मृत दैनिक वेतनभोगी कर्मियों के आश्रितों को नियमानुसार नियुक्ति देने की भी मांग की गई।

इस दौरान रैली का नेतृत्व कर रहे कर्मचारी नेता अशोक सिंह ने कहा कि वर्षों से नगर निगम में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, कार्यालय कर्मी एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों की सेवा को वरीयता के आधार पर नियमित करने की मांग की जा रही है। साथ ही मध्यप्रदेश सरकार के तर्ज पर नियमितीकरण का निर्णय लिया जाए। उन्होंने मांग किया की राज्य सरकार के आदेश के आलोक में नियमित कर्मियों को पेंशन, ग्रेज्युटी और बीमा का पूर्ण रूप से भुगतान कराया जाए तथा वेतन और पेंशन स्थापना मद का आवंटन समय पर दिया जाए। मौके पर फेडरेशन के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगें शीघ्र पूरी नहीं की गईं तो नगर निगम के लगभग 200 सफाई कर्मचारी सामूहिक रूप से हड़ताल पर चले जाएंगे।

Comments are closed.