सरकारी जमीन छोड़ दूसरी जगह पैक्स भवन निर्माण कार्य कराने का लोगों ने किया विरोध
विरोध कर रहे लोगों से की मारपीट, मोबाइल छीना

गिरिडीह(तिसरी)। अंचल के बरवाडीह गाँव में पैक्स भवन निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आवंटित सरकारी जमीन के बजाय दूसरी जगह पर निर्माण कराए जाने का विरोध करने पर दबंगों द्वारा एक ग्रामीण के साथ लाठी डंडों से मारपीट करने और उसका मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने तिसरी थाना प्रभारी को आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मोबाइल बरामदगी की गुहार लगाई है।
बरवाडीह निवासी उमेश प्रसाद यादव के पुत्र मिथिलेश यादव द्वारा पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, तिसरी अंचल प्रशासन द्वारा गाँव में पैक्स निर्माण हेतु खाता संख्या 02, प्लॉट संख्या 2 में 20 डिसमिल सरकारी जमीन चिन्हित कर चेक स्लिप जारी की गई थी। लेकिन भू माफिया मनीष यादव और संबंधित ठेकेदार की मिलीभगत से स्वीकृत जमीन पर निर्माण न कराकर, बरवाडीह उच्च विद्यालय के पीछे अवैध रूप से जेसीबी से जमीन समतल कर निर्माण की तैयारी की जा रही थी।


जब वे और गाँव के अन्य लोग ठेकेदार को गलत जगह काम करने से मना कर रहे थे और मामले की जानकारी उपायुक्त को देने के लिए लोकेशन भेज रहे थे, तभी मनीष यादव, दशरथ यादव, रामदेव यादव और सोनू कुमार मौके पर पहुँचे और उनपर लाठियों से हमला कर दिया। जिससे मिथिलेष यादव के सीने में गंभीर चोटें आईं है। इस दौरान हमलावरों ने उनका मोबाइल भी छीन लिया। घटना के बाद मिथिलेश को इलाज के लिए गांवा स्थित प्राथमिक अस्पताल में भर्ती किया गया है।
आवेदन में बताया गया है कि पूर्व में भी स्वीकृत प्लॉट को छोड़कर स्कूल के पास पैक्स बनाने की कोशिश की गई थी, जिसका स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों ने विरोध किया था। इसके बावजूद दोबारा उसी स्थान पर निर्माण कराने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित मिथिलेश यादव ने तिसरी थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जाँच करने के साथ ही छीने गए मोबाइल वापस दिलाने और मारपीट के आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की माँग की है।

