Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

वैध लाइसेंस, सुरक्षित सफर की गारंटी…

गिरीडीह उपायुक्त ने लाभुकों को सौंपे ड्राइविंग लाइसेंस, जून में जिले में 1,779 लाइसेंस निर्गत

0 74

गिरिडीह : आम नागरिकों को परिवहन विभाग की सेवाएं सरल, सुलभ और समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने की दिशा में गिरिडीह जिला प्रशासन के प्रयास लगातार रंग ला रहे हैं। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के सतत् अनुश्रवण एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप जिले में ड्राइविंग लाइसेंस निर्गमन प्रक्रिया में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। इसी क्रम में मंगलवार को उपायुक्त ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में 15 लाभुकों को सांकेतिक रूप से ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान कर सुरक्षित एवं वैध वाहन संचालन का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस केवल एक सरकारी दस्तावेज नहीं, बल्कि सड़क पर जिम्मेदारी और अनुशासन का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वाहन चालक का दायित्व है कि वह वैध लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही वाहन चलाए और यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करे। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने में जागरूक नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

sawad sansar
वैध लाइसेंस, सुरक्षित सफर की गारंटी...
वैध लाइसेंस, सुरक्षित सफर की गारंटी…

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाइसेंस निर्गमन की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, त्वरित एवं नागरिक हितैषी बनाया जाए, ताकि पात्र आवेदकों को बिना किसी अनावश्यक विलंब के सेवा का लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण सरकारी सेवाएं सहज रूप से पहुंचाना है।

इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि जून माह में जिले में कुल 1,779 ड्राइविंग एवं लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए। इनमें 906 स्थायी (ड्राइविंग) लाइसेंस शामिल हैं, जिनमें 893 पुरुष एवं 13 महिला लाभार्थी हैं। वहीं 798 लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए, जिनमें 783 पुरुष एवं 15 महिला आवेदक शामिल हैं। इसके अलावा 75 हैवी मोटर व्हीकल (एचएमवी) लाइसेंस भी निर्गत किए गए।

उन्होंने बताया कि आवेदन से लेकर ड्राइविंग टेस्ट और लाइसेंस निर्गमन तक की पूरी प्रक्रिया परिवहन विभाग के निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए भी लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित, अनुशासित एवं जिम्मेदार सड़क संस्कृति के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। प्रशासन का मानना है कि सुरक्षित सड़कें तभी संभव हैं, जब हर चालक नियमों का सम्मान करते हुए जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाए।

 

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.