Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

मुहर्रम को लेकर जिलास्तरीय शांति समिति की हुई बैठक, दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश, लोगों से की शांति व भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील

विधि व्यवस्था के मद्देनजर जिला एवं अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय: उपायुक्त सोशल मीडिया पर रखी जा रही है विशेष निगरानी, विद्वेष या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई: एसपी

0 29

गिरिडीह। जिले में मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार कक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार, डीडीसी स्मृता कुमारी, सदर एसडीएम धीरज कुमार सहित जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों के अलावे जिले के विभिन्न अनुमंडलों से आए शांति समिति के लोगों ने भाग लिया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने शांति समिति के सदस्यों से शांति के साथ पर्व मनाने को लेकर आश्वस्त किया। साथ ही अनुमंडलवार और थानावार मुहर्रम पर्व को लेकर किए गए तैयारियों की जानकारी प्राप्त की तथा सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान बैठक में शांति समिति के लोगों द्वारा साफ सफाई, पेयजल एवं बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने को लेकर सवाल उठाए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। ताकि किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना उत्पन्न न हो। इसके अलावा उपायुक्त ने कहा कि जिले में अमन चैन, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने में शांति समिति, प्रबुद्धजन, समाजसेवी एवं गणमान्य व्यक्तियों की अहम भूमिका है। सभी मिलकर शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुहर्रम पर्व मनाएं। उपायुक्त श्री यादव ने कहा कि जिले के जिन जगहों पर शांति समिति की बैठक नहीं हुई है, वहां के अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी शांति समिति की बैठक करें। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी अपने स्तर से आवश्यकता अनुरूप वीडियोग्राफर/सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे को लगवाना सुनिश्चित करेंगे। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिस मार्ग से मुहर्रम का जुलूस निकाला जाएगा, अनुमंडल पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी उस पथ का भौतिक निरीक्षण एवं सत्यापन शिघ्र कर लें। विधि व्यवस्था के संधारण हेतु प्रमुख स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला स्तर एवं अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा।

sawad sansar

उन्होंने सभी मीडिया प्रतिनिधियों, सोशल मीडिया संचालकों एवं आम नागरिकों से अपील किया है कि मुहर्रम पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की सूचना, समाचार, फोटो, वीडियो अथवा संदेश को साझा करने से पूर्व उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य कर लें। ताकि जिले में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनी रहे। कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने कहा कि मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है। कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जायेगी। रूट पुराना ही रहे इस पर भी विशेष ध्यान रखना है। फेसबुक व्हाट्सएप समेत सभी सोशल मीडिया का मॉनिटरिंग करना है। सभी थाना प्रभारी एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारी इसके लिए सोशल मीडिया ग्रुप एडमिन के साथ एक बैठक कर लें और किसी प्रकार का भी भ्रामक खबर न फैले। इस पर विशेष ध्यान देना साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों को फैलाने वाले पर कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान आग का खेल, एयर गन, डीजे आदि के प्रदर्शन पर पूरी तरह से रोक रहेगा। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से संवेदनशील स्थानों में बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखा जायेगा।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.