Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

मजदूर नेता स्व0 ददई दुबे की पहली पुण्यतिथि पर हुई श्रद्धांजलि सभा

श्रमिक हितों के लिए उनके संघर्ष को किया गया याद

0 15

गिरिडीह। भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व सांसद एवं झारखंड के पूर्व श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे की प्रथम पुण्यतिथि के मौके पर शुक्रवार को सीसीएल फुटबॉल मैदान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इंटक के बैनर तले आयोजित श्रद्धांजली सभा में काफी संख्या में कोयला मजदूरों, असंगठित श्रमिकों, यूनियन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभा की अध्यक्षता राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (इंटक), सीसीएल गिरिडीह क्षेत्र के अध्यक्ष अधिवक्ता ऋषिकेश मिश्रा ने की, जबकि संचालन कबरीबाद शाखा के सचिव राहुल विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय ददई दुबे के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

मौके पर ऋषिकेश मिश्रा ने कहा कि ददई दुबे केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि देश के करोड़ों मजदूरों की आवाज थे। उनका पूरा जीवन श्रमिकों, गरीबों, किसानों और वंचित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। कहा कि भारतीय सेना से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने के बाद ददई दुबे ने मुखिया, सांसद और झारखंड सरकार में श्रम मंत्री तक का सफर तय किया, लेकिन उन्होंने हमेशा मजदूरों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि ददई दुबे के नेतृत्व में इंटक देश का सबसे बड़ा केंद्रीय श्रमिक संगठन बना और करोड़ों मजदूर संगठन से जुड़े। राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने कोयला श्रमिकों की समस्याओं को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठाया। वर्ष 2016 में गिरिडीह सीसीएल क्षेत्र के दौरे के दौरान भी उन्होंने स्थानीय मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए पहल की थी।

sawad sansar

सभा को संबोधित करते हुए असंगठित इंटक के नेता एवं पंचायत समिति सदस्य मनोज दास ने कहा कि ददई दुबे का दरवाजा हमेशा मजदूरों के लिए खुला रहता था। वे हर श्रमिक की समस्या को गंभीरता से सुनते थे और उसके समाधान का प्रयास करते थे। उनके निधन से श्रमिक आंदोलन ने एक अनुभवी एवं संघर्षशील नेतृत्व खो दिया है। वहीं कार्यक्रम का संचालन कर रहे राहुल विश्वकर्मा ने कहा कि ददई दुबे के विचारों, संघर्ष और संगठन निर्माण की विरासत को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में यूनियन के उपाध्यक्ष रमेश कुमार झा (राम झा), ओवरमैन प्रकाश कुमार, हरिनंदन कुमार, इकबाल अंसारी, दानिश अकरम, जोगिंदर दास, मनोज दास, राहुल विश्वकर्मा, सुरेश राय, मुकेश कुमार, संतोष राम, फिरोज अंसारी, अजय साव, दिनेश रजक, मनोज रवानी, राहुल राय, पवन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कोयला एवं असंगठित मजदूर उपस्थित थे।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.