Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

मंत्री सुदिव्य कुमार और मेयर प्रमिला मेहरा ने पर्व त्यौहारों को देखते हुए अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक दिशा निर्देश

छठ घाट सहित अन्य क्षेत्र का लिया जायजा, अधिकारियों को घाट की सफाई सहित अन्य कार्य शीघ्र पूरा करने के दिए निर्देश, पर्व के दौरान टोटो के रूट किए गए डायवर्ट

0 62

गिरिडीह। महारामनवमी, ईद, सरहुल, चैती छठ और चैती दुर्गा पूजा के मद्देनजर झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सह सदर विधायक सुदिव्य कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मेयर प्रमिला मेहरा के अलावे झामुमो के जिलाध्यक्ष संजय सिंह, सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत, उप नगर आयुक्त प्रशांत लायक, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता, एसडीपीओ जितवाहन, डीएसपी नीरज सिंह, अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी मौजूद थे।

sawad sansar

बैठक के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने सभी पदाधिकारियों से महारामनवमी, ईद, सरहुल पर्व के दौरान विधि व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को चैती छठ और दुर्गा पूजा को देखते हुए छठ घाट में सफाई व्यवस्था तेज करने का निर्देश दिया। इस दौरान शहर में आवागमण को व्यवस्थित करते हुए टोटो के कई रूट को रामनवमी तक डायवर्ट करने की सलाह दी। गिरिडीह स्टेशन जानें वालों को अब सीधे काली बाड़ी और पद्म चौक के बजाय अम्बेडकर चौक से बड़ा चौक होते हुए जाना होगा।

बैठक के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार और मेयर प्रमिला मेहरा ने पदाधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम अरगाघाट स्थित छठ घाट पहुंची और घाट की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को घाट की व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान उन्होंने बरवाडीह ईदगाह का भी जायजा लिया।

मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि आने वाले दिनों में ईद, रामनवमी, चैती छठ व दुर्गा पूजा अन्य पर्वों को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं महापौर प्रमिला मेहरा ने भी नगर निगम के अधिकारियों को घाटों की नियमित सफाई, बैरिकेडिंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.