भाकपा माले और असंगठित मजदूर मोर्चा ने मनाया अंतराष्ट्रीय मजदूर दिवस, शहीदों को किया याद
विधायक अरूप चटर्जी, पूर्व विधायक विनोद सिंह व राजकुमार यादव सहित कई नेताओं ने की शिरकत, कहा सरकार मजदूरों के हक और अधिकारों को छीनने पर अमादा, नही किया जायेगा बर्दाश्त


गिरिडीह। भाकपा माले व असंगठित मजदूर मोर्चा के द्वारा गुरुवार को औद्योगिक क्षेत्र के मोहनपुर में अंतराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरूआत झंडोत्तोलन कर किया गया। इस दौरान विधायक अरूप चटर्जी और पूर्व विधायक विनोद सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार महतो, कामरेड पुरण महतो, जिला सचिव अशोक पासवान, कामरेड सुवेंदु सेन, दीपक कुमार गोस्वामी, राजेश सिन्हा, कन्हाई पांडेय, प्रीति भास्कर, निशांत भास्कर, अखिलेश राज सहित अन्य नेताओं ने शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित कर शहीद हुए सभी मजदूरों को याद किया।
इस दौरान बारीश के बीच आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक अरूप चटर्जी और पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कहा कि आज हम अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस मना रहे हैं। मौजूदा केंद्र सरकार मजदूरों के पक्ष में बने 44 श्रम कानूनों को खत्म करके 4 श्रम संहिता को लागू करने पर आमदा है। कहा कि सरकार मजदूरों के हक और अधिकारों को छीन रही है। जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। सड़क से सदन तक आंदोलन किया जायेगा। वहीं पूर्व विधायक राजकुमार यादव और जिला सचिव अशोक पासवान ने कहा कि वर्ष 1886 में शिकागो शहर में काम के घंटे को कम करने की लड़ाई में हजारों मजदूरों ने शहादतें दी। जिस घटना की याद में ही एक मई को अंतराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया जाता है। कहा कि आज निजीकरण के दौर में मजदूरों से 12 घंटे काम लिया जा रहा है, जिसके खिलाफ बड़े स्तर पर आंदोलन किया जायेगा।
माले के पोलित ब्यूरो सदस्य हलदर महतो, किसान नेता पूरण महतो, गिरिडीह विधानसभा प्रभारी राजेश सिन्हा सहित अन्य नेताओं ने कहा कि आज भी मजदूर कारखाने में शोषण, दमन, असमानता, गैर बराबरी के शिकार हो रहे हैं। मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी नहीं मिल रही है। इसके खिलाफ मजदूर वर्ग के अंदर राजनीतिक चेतना विकसित करके उन्हें गोलबंद करना होगा। इस दौरान उन्होंने 20 मई को देशव्यापी आम हड़ताल को ऐतिहासिक बनाने का अहवान किया।

Comments are closed.