Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

बिजली बिल वृद्धि और कटौती के खिलाफ भाजपा का धरना, विभाग को दी आंदोलन की चेतावनी

0 42

गिरिडीह: बिजली बिल में कथित बेतहाशा बढ़ोतरी, पोस्टपेड मीटर में मनमानी और अघोषित बिजली कटौती के विरोध में भाजपा ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा की गिरिडीह ग्रामीण एवं महानगर इकाई ने डांडीडीह स्थित विद्युत अधीक्षण अभियंता कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया।

धरना स्थल पर भाजपा नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन आम जनता के हक और न्याय के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली बिल में अनियमितता और लगातार हो रही अघोषित कटौती से आम लोग परेशान हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

sawad sansar

भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय और ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा ने कहा कि झारखंड सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो पार्टी और बड़ा आंदोलन करेगी।

इस दौरान भाजपा नेत्री शालिनी वैशखियार ने भी कहा कि बिजली बिल और कटौती की समस्या से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है और सरकार को इस पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।

वहीं, भाजपा के आरोपों पर विद्युत अधीक्षण अभियंता शकील आलम ने सफाई देते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह सही तरीके से काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुराने और स्मार्ट मीटर को एक साथ लगाकर परीक्षण भी किया गया है, जिसमें कोई बड़ी गड़बड़ी सामने नहीं आई है।

बिजली कटौती को लेकर उन्होंने कहा कि लाइन में फॉल्ट आने या मरम्मत कार्य के दौरान ही बिजली सप्लाई बाधित की जाती है। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कुछ तकनीकी समस्याएं हैं, जिनमें जल्द सुधार किया जाएगा।

धरना के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की। पार्टी ने इसे अंतिम चेतावनी बताते हुए कहा कि अगर स्थिति नहीं सुधरी, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.