बाल विवाह रोकथाम में सामूहिक प्रयास जरूरी : नागेंद्र महतो
सरिया कॉलेज में हितधारकों की भूमिका पर जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम

सरिया/गिरिडीह : बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन और बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिक्षक दिवस के अवसर पर सरिया कॉलेज में ‘बाल विवाह रोकथाम में हितधारकों की अहम भूमिका’ विषय पर जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोगी संगठन बनवासी विकास आश्रम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर एवं पौधे में पानी देकर किया। कार्यक्रम में बगोदर विधायक नागेंद्र महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अर्जुन कुमार, प्रो. डॉ. संतोष कुमार, बालिका उच्च विद्यालय के प्राचार्य मुकेश कुमार एवं शिक्षक गौतम कुमार विशिष्ट अतिथि रहे।


विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि बाल विवाह केवल सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि अपराध है। यह बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के अधिकार को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए परिवार, विद्यालय, प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कर्मियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं को मिलकर प्रयास करना होगा।
बनवासी विकास आश्रम के प्रतिनिधि उत्तम कुमार ने बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006, बाल संरक्षण व्यवस्था, बाल विवाह के दुष्परिणाम तथा इसकी सूचना मिलने पर की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी दी गई।
अंत में उपस्थित लोगों ने बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने तथा प्रत्येक बच्चे को शिक्षा और सुरक्षित बचपन का अधिकार दिलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संस्था के सामुदायिक कार्यकर्ता भागीरथी देवी, रूपा कुमारी, उत्तम कुमार सहित कॉलेज के शिक्षक एवं एसोसिएशन फॉर वोलियंटरी एक्शन के प्रखंड समन्वयक छोटेलाल यादव की सक्रिय भूमिका रही।

