प्रमंडलीय आयुक्त ने महापौर प्रमिला मेहरा सहित सभी पार्षदों को दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
कहा नगर निगम क्षेत्र के विकास में महापौर और वार्ड पार्षदों की महत्वपूर्ण भूमिका

गिरिडीह। समाहरणालय के सभागार में सोमवार को उत्तरी छोटा नागपुर के प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार ने गिरिडीह नगर निगम के नव निर्वाचित महापौर प्रमिला मेहरा सहित सभी 36 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। महापौर एवं सभी वार्ड पार्षदों ने संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ काम करने का संकल्प लिया। शपथ ग्रहण समारोह में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राम निवास यादव, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विस्पुते, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित सभी निर्वाची पदाधिकारी उपस्थित थे।
शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों को शुभकामनांए देते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र के विकास में महापौर और वार्ड पार्षदों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कहा कि स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत स्थानीय निकायों में निहित होती है। जब जनप्रतिनिधि ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हैं तो विकास की गति तेज होती है और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होती हैं। वहीं उपायुक्त रामनिवास यादव ने नव निर्वाचित महापौर एवं सभी वार्ड पार्षदों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। जनता ने जिन उम्मीदों और विश्वास के साथ उन्हें चुना है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि नव निर्वाचित महापौर एवं वार्ड पार्षद नगर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। साथ ही प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति प्रदान करेंगे।


इस दौरान नव निर्वाचित महापौर प्रमिला मेहरा ने गिरिडीह की जनता का एक बार पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने जो विश्वास उनपर जताया है, उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगी।
