पांच सूत्री मांगों को लेकर निगम कर्मी रहे भूख हड़ताल पर, निगम परिसर में दिया धरना।

गिरिडीह। झारखंड लोकल बॉडीज इम्प्लॉइज फेडरेशन के बैनर तले निगम कर्मियों 5 सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार को एक दिवसीय भूख हड़ताल पर रहते हुए निगम परिसर में धरना दिया। कर्मियों ने झारखंड सरकार पर उनसे किए गए वादे पूरे न होने पर जमकर विरोध जताया और चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी।
फेडरेशन के नेता अशोक कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार बार-बार आश्वासन देने और मंत्रियों के साथ हुए लिखित समझौतों के बावजूद कर्मियों की मांगें पूरी करने में विफल रही है। कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में दैनिक वेतन भोगी कर्मियों का नियमितीकरण, वेतनवृद्धि, और सेवा शर्तों में सुधार शामिल हैं। धरना के दौरान आंदोलनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो चरणबद्ध आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मियों ने कहा कि अब वे अपने अधिकारों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं।
