Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

पर्यटक स्थल के रूप में विकसित होंगे उसरी वाटर फॉल और खंडोली डैम, मंत्री सुदिव्य कुमार और मुख्य सचिव अलका तिवारी ने किया निरीक्षण

पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने को लेकर उपायुक्त को दिए कई आदेश

12

गिरिडीह। गिरिडीह जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं आवास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग मंत्री और मुख्य सचिव अलका तिवारी ने उसरी वाटर फॉल और खंडोली डैम पर्यटन स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर जिला उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता विजय सिंह बीरूआ, अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विस्पुते भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद थे। निरीक्षण के क्रम में उसरी वाटर फॉल और खंडोली डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने को लेकर चर्चा हुई।

मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि जिले के दो प्रमुख स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में और बेहतर और विकसित करने को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन के द्वारा सभी तैयारियां सुनिश्चित कराई जा रही हैं। साथ ही सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का भी प्रयास किया जा रहा है। जिससे यहां के स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हो और पर्यटन को बढ़ावा मिलें। उन्होंने कहा कि खंडोली डैम के विकास और सौंदर्याकरण की संभावनाओं पर चर्चा की गई। साथ ही इको-टूरिज्म को विकसित करने पर भी विचार किया गया। डैम के आसपास के क्षेत्र को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए सौंदर्याकरण पर जोर दिया गया। खंडोली डैम में आने वाली विदेशी पक्षियों के लिए रहने की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जाएगी। साथ ही साथ वन विभाग के द्वारा खंडोली डैम के उत्तर किनारे पौधारोपण का कार्य किया जाएगा।


वहीं मुख्य सचिव अलका तिवारी ने कहा कि गिरिडीह जिले में पर्यटन के बहुत संभावनाएं है। जिसे राज्य सरकार द्वारा विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। यहां का प्राकृतिक सुंदरता देखने लायक है। उन्होंने उसरी वाटर फॉल में इको-टूरिज्म को विकसित करने पर जोर दिया। कहा कि पर्यटन मंत्री के सहयोग से पर्यटन के क्षेत्र में काफी बेहतरी करने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा भी वाटर फॉल और खंडोली डैम के सौंदर्यीकरण के लिए सारी व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जा रही है।

मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन स्थलों को विकसित करने के दिशा में प्रयासरत है। जिले के पर्यटन स्थलों के विकास से यहां पर पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी और स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। उपायुक्त ने कहा कि खंडोली डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए सारी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। खंडोली डैम के चारों तरफ कनेक्टिविटी पर काम किया जायेगा। डैम के चारों तरफ पर्यटक घुमकर प्राकृतिक घटा का आंनद उठा सके इसके लिए पहुंच पथ का निर्माण कराया जायेगा। डैम के नीचे नदी पर पुल का निर्माण कराया जाएगा ताकि पर्यटकों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही पर्यटक नदी के इस पार से उस पर का आनंद उठा सके। इसके अलावे मधवाडीह से खंडोली मोड़ को जोडने वाली बाईपास पथ का भी निर्माण कराया जायेगा तथा बरियारपुर तक कॉरिडोर बनाया जाएगा।

Comments are closed.