देवघर से जेएसएससी की परीक्षा देकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, सात माह पूर्व हुई थी शादी
मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों व ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

गिरिडीह। पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव के रहने वाले 26 वर्षीय उमेश कुमार मंडल की रविवार देर रात घर से महज कुछ ही दूरी पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। वह देवघर में आयोजित जेएसएससी की परीक्षा देकर बाइक से अपने घर लौट रहा था। लौटने के क्रम में घर से महज कुछ दूरी पर स्थित परियाना गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने सोमवार सुबह घटनास्थल पर ही शव रखकर पचंब-जमुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और मुआवजा, सरकारी नौकरी, ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए टायर जलाकर प्रदर्शन किया।



बताया जाता है कि देवघर से लौटने के क्रम में जैसे ही उमेश परियाना के पास पहुंचा उसी वक्त विपरित दिशा से आ रहे ट्रक ने उसके बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल उमेश को एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि उमेश की शादी महज सात महीने पहले ही हुई थी। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इधर, पचंबा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पथला-नावाडीह के पास ट्रक को जब्त कर लिया। हालांकि ट्रक का चालक भागने में सफल रहा। पुलिस चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। वहीं सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता शुरू की। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई और हरसंभव सहायता का आश्वासन देकर जाम हटाया।

