Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति पहुंची गिरिडीह

अधिकारियों के साथ की बैठक, दिए कई आवश्यक निर्देश

27

गिरिडीह। झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति गुरुवार को गिरिडीह पहुंची और परिसदन भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में समिति के अध्यक्ष सुरेश पासवान ने ग्रामीण विकास, सड़क, जल संसाधन, स्वास्थ्य, विद्युत, पंचायती राज, पर्यटन, भूमि संरक्षण व विशेष प्रमंडल समेत कई विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। संबंधित विभागों से कार्य प्रगति प्रतिवेदन प्राप्त करने क ेसाथ ही कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी ली।

इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सुदूरवर्ती क्षेत्रों में पेयजल और विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। जिले में निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति की जानकारी लेते हुए समिति के अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि तय समय सीमा में कार्य पूरा कराया जाये। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं को धरातल पर उतारा जाय और ग्रामीणों को लाभान्वित किया जाय। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और तत्परता बरती जाय, जिससे किसी भी प्रकार की कोताही नहीं हो।

बैठक में अपर समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, श्रम अधीक्षक समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Comments are closed.