Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

झारखंड में HPV वैक्सीन अभियान शुरू, 14–15 वर्ष की बालिकाओं को मिलेगा मुफ्त टीका

0 245

गिरिडीह: महिलाओं में होने वाले गंभीर रोग सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए झारखंड में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन अभियान शुरू कर दिया गया है। भारत सरकार द्वारा देशभर में 28 मार्च से और झारखंड में 30 अप्रैल से इस अभियान की शुरुआत की गई है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, एचपीवी वायरस सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और यह भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है। ऐसे में यह टीकाकरण अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

sawad sansar

सिविल सर्जन बचन सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को यह वैक्सीन निःशुल्क दी जा रही है। जिले के सदर अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता की है। एक ही डोज भविष्य में एचपीवी संक्रमण से होने वाले कैंसर से बचाव के लिए प्रभावी मानी जाती है।

जिले में फिलहाल 14,500 डोज उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे अधिक से अधिक बालिकाओं को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर जाएं और टीकाकरण अवश्य कराएं। टीकाकरण के समय आधार कार्ड या आयु प्रमाण पत्र साथ लाना आवश्यक होगा।

अधिकारियों का कहना है कि समय पर टीकाकरण से न केवल गंभीर बीमारी से बचाव संभव है, बल्कि बेटियों का भविष्य भी सुरक्षित किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से जागरूक बनने और इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।

ITI
Leave A Reply

Your email address will not be published.