Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

झंडा मैदान में सोमवार को भव्य रूप से मनाया जाएगा झामुमो का 53वां स्थापना दिवस, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई दिग्गज नेता होंगे शामिल

नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने लिया तैयारी का जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

0 34

गिरिडीह। झारखंड मुक्ति मोर्चा का 53वां स्थापना दिवस 30 मार्च सोमवार को गिरिडीह के झंडा मैदान में समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। एक ओर जहां स्थापना दिवस समारोह को लेकर झंडा मैदान में भव्य तैयारियां की गई है और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। वहीं दूसरी ओर समारोह में सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

इस बीच रविवार को समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सूबे के नगर विकास मंत्री सह सदर विधायक सुदिव्य कुमार पार्टी नेताओं के साथ झंडा मैदान पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंच, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

sawad sansar

समारोह की तैयारी में जुट झामुमो के जिला अध्यक्ष सह बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि पार्टी का स्थापना दिवस हर वर्ष 4 मार्च को मनाया जाता है, लेकिन इस बार होली पर्व के कारण तिथि में बदलाव किया गया। उन्होंने बताया समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ कई मंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। साथ ही कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की संभावना है। बताया कि समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

इस दौरान पार्टी के जिला सचिव शहनवाज अंसारी, मीडिया प्रभारी कृष्ण मुरारी शर्मा, दिलीप रजक, नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह, अभय सिंह, टुन्ना सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.