जेपीएससी-जेएसएससी में हुए घोटाले के विरोध में जेएलकेएम ने दिया धरना
राज्य सरकार 72 घंटे के अंदर छात्रों से वार्ता कर निकाले समाधान, वरना होगा चक्का जाम: जयराम महतो

गिरिडीह। जेपीएससी-जेएसएससी में हुए घोटाले के विरोध में मंगलवार को झारखंड लोक क्रांति मोर्चा के द्वारा समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। जिसमें जिले भर से पार्टी के नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा आंदोलनरत छात्रों की मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
धरना को संबोधित करते हुए डुमरी विधायक सह जेएलकेएम के केन्द्रीय अध्यक्ष जयराम महतो ने कहा कि रांची में आंदोलनरत छात्रों की मांगों को अब तक पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने राज्य सरकार को 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि सरकार छात्रों से वार्ता कर उनकी मांगों का समाधान नहीं करती है, तो जेएलकेएम के 24 जिलों के नेता और कार्यकर्ता रांची पहुंचकर व्यापक आंदोलन करते हुए चक्का जाम करेंगे।


इस दौरान जेएलकेएम के केंद्रीय महासचिव राजदेश रतन, केंद्रीय उपाध्यक्ष दिनेश साहू, केंद्रीय सचिव नागेंद्र चंद्रवंशी, जिला अध्यक्ष अमित महतो, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनीता सिंह सहित अन्य नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से जेपीएससी एवं जेएसएससी की भर्ती प्रक्रियाओं की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और योग्य अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।
कार्यक्रम में अर्जुन पंडित, रूपेश यादव, रामविजय देव, रितेश सिंह, सुरेश साव, संदीप मल्लाह, अशोक यादव, रंजन, संतोष यादव, भुनेश्वर दास, फूल देवी, अंशु यादव सहित काफी संख्या में जेएलकेएम के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

