गिरिडीह में कथित कोयला चोर की हत्या के बाद बवाल, खदान परिसर में घुसे ग्रामीण

गिरीडीह जिले के कबरीबाद कोयला खदान क्षेत्र में एक ग्रामीण दिलीप दास की हत्या के बाद बुधवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित परिजन और ग्रामीण सदर अस्पताल से बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने कब्जे में लेकर सीधे खदान परिसर पहुंच गए, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात दिलीप दास का शव अस्पताल लाया गया था, जहां सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात था। इसके बावजूद परिजन और ग्रामीण शव को सरकारी स्ट्रेचर पर लेकर अस्पताल से निकल गए और करीब आठ किलोमीटर दूर कबरीबाद खदान पहुंच गए।


घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ जितवाहन और साइबर डीएसपी आबिद खान पुलिस बल के साथ पहले से खदान परिसर पहुंच गए। जब भीड़ शव लेकर साइट कार्यालय की ओर बढ़ी, तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।
इस दौरान पुलिस और महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, लेकिन भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए कार्यालय में प्रवेश कर लिया और सीसीएल प्रबंधन व पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब भीड़ में शामिल एक युवक पेट्रोल से भरी बोतल लेकर सामने आया और अप्रिय घटना को अंजाम देने की कोशिश की।
हालांकि एसडीपीओ जितवाहन की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई और उन्होंने तत्काल युवक से बोतल छीन ली।
फिलहाल प्रशासन द्वारा स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है। मौके पर सदर अंचल अधिकारी जितेंद्र प्रसाद और बीडीओ गणेश रजक पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने और वार्ता करने में जुटे हुए हैं। वहीं, ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन जारी है और वे घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
