Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

गिरिडीह पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव, सदर अस्पताल का किया निरीक्षण, व्यवस्था देख जताई नाराजगी

तीन महिनों में सदर अस्प्ताल में होगा बड़ा बदलाव: अजय कुमार

65

गिरिडीह। झारखंड के स्वास्थ्य अपर मुख्य सचिव अजय कुमार गुरुवार को गिरिडीह पहुंचे और सदर अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की जर्जर स्थिति और अव्यवस्थित चिकित्सा सेवाएं देखकर वे काफी नाराज भी हुए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी संवाद किया। उन्होंने उनसे इलाज, दवा, सफाई, खानपान और अन्य मूलभूत सेवाओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

 

ड्यूटी से नदारद चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी पर जताई नाराजगी

इस दौरान कई चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से नदारद पाए गए। जिस पर नाराजगी जाहिर करते हुए सचिव अजय कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि जो कर्मचारी और डॉक्टर अपनी ड्यूटी को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर टर्मिनेट किया जाएगा। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि गैरहाजिर कर्मियों की सूची बनाकर तत्काल कार्रवाई की जाए।

सदर अस्पताल में जल्द शुरू होगी एमआरआई जांच की सुविधा

इस दौरान स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि एक तरफ सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर दृढ संकल्पित है, वहीं दूसरी तरफ ज़मीनी स्तर पर अस्पतालों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि आने वाले तीन महीनों के भीतर गिरिडीह सदर अस्पताल की स्थिति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि आवश्यक उपकरणों, स्टाफ और मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति के लिए तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने यह भी घोषणा की कि बहुत जल्द सदर अस्पताल में एमआरआई जांच की सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे मरीजों को जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

 

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव, एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, सिविल सर्जन डॉ. शेख मोहम्मद जफरुल्ला समेत जिला स्वास्थ्य समिति और प्रशासन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Comments are closed.